अंबाला। यदि आपके पास प्रेम है और आप इसे व्यक्त करना चाहते हैं तो यह वेलेंटाइन डे पर नहीं बल्कि राधा-कृष्ण दिवस पर हो। उनका शाश्वत प्रेम पूरे वर्ष उपहार के रूप में आशीर्वाद देता है। ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने लोगों से वेलेंटाइन डे के बजाय राधा-कृष्ण दिवस मनाने का आग्रह किया।
कैबिनेट मंत्री विज ने एक्स पर यह पोस्ट किया है। उन्होंने कहा राधा-कृष्ण का प्रेम शाश्वत प्रेम है, यदि आप उसमें विश्वास करेंगे तो उसका अलौकिक उपहार सारे वर्ष मिलेगा। कई लोग नहीं जानते कि वेलेंटाइन कौन है जबकि राधा-कृष्ण रोम-रोम में समाए हैं। उन्होंने कहा कि मैं कहने की कोशिश कर रहा हूं कि अगर प्यार कर इजहार करना है तो इजहार करने का दिन वह राधा-कृष्ण का दिन है और उससे पवित्र, अलौकिक प्यार का और कोई दिन नहीं हो सकता। उस दिन यदि प्यार का इजहार करोगे तो उनकी अनुकंपा का उपहार सारे वर्ष आप पर कृपा बरसाएगा।
गौरतलब है कि वेलेंटाइन डे पश्चिमी रोम सभ्यता का प्रतीक है जोकि संत वेलेंटाइन की याद में वेलेंटाइन डे पर मनाया जाता है। उन्होंने प्रेम और विवाह के समर्थन में आवाज उठाई थी और उन्हें उस समय सम्राट क्लॉडियस ने 14 फरवरी मृत्युदंड दिया था। मगर हमारी भारतीय सभ्यता इससे पुरानी है। इसमें राधा-कृष्ण प्रेम को अलौकिक, श्रद्धा, निस्वार्थ एवं शुद्ध भावना के तौर प्रेम माना गया है।