अंबाला सिटी। अंबाला के एयरफोर्स स्टेशन पर लगने वाले संत नागा बाबा मेले की तैयारी को शनिवार को अंतिम रूप दिया। गुरुद्वारा सिंह सभा धूलकोट की प्रबंधन कमेटी ने श्रद्धालुओं के समाधि के दर्शनों के लिए विशेष तैयारी की हैं।
इसमें एयरफोर्स स्टेशन तक आने के लिए भी पुरुष और महिलाओं की अलग लाइनें होंगी। इस बार श्रद्धालुओं की जांच स्टेशन के बाहर बने टेंट में ही होगी। वहीं, मेले की शुरुआत से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक तीन थानों से पुलिसकर्मी व अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे। एयरफोर्स स्टेशन के 200 मीटर पहले किसी भी वाहन को आने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, गुरुद्वारा में लंगर बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। मेले के आयोजन के लिए श्रद्धालुओं को मोबाइल, कैमरा या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्राॅनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं होगी।
सुबह सात बजे शुरू होगा पूजन
गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रमुख ग्रंथी गुरदयाल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े छह बजे श्री अखंड साहिब पाठ के भोग डाले जाएंगे। इसके बाद सुबह सात बजे गुरुद्वारा श्री सिंह सभा धूलकोट की प्रबंधन कमेटी के सदस्य गुरुद्वारा से समाधि तक ज्योत लेकर जाएंगे। ज्योत को स्थापित कर सुबह साढ़े सात बजे से श्रद्धालुओं के लिए एयरफोर्स स्टेशन के द्वार खोले जाएंगे। एयरफोर्स स्टेशन की ओर से शाम चार बजे तक ही खुलेंगे। इसके बाद किसी भी श्रद्धालु को जाने नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 60 से 70 हजार श्रद्धालु यहां पर माथा टेकने आते हैं। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
झूले और स्टॉलों से सजा रास्ता
धूलकोट गांव में मेले को लेकर गुरुद्वारा के रास्ते पर जगह- जगह खिलौने और खाने पीने की स्टालें लगाई जा रही हैं। स्टॉल संचालक शुक्रवार से ही अपनी तैयारी में जुटे हैं। वहीं विभिन्न संस्थाएं मेले को लेकर अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार लंगर भी लगाती है।
वर्जन
पुलिस विभाग की ओर से मेले की सुरक्षा को देखते हुए तीन थानों पंजाेखरा, बलदेव नगर और अंबाला छावनी के पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा प्रबंधन डीएसपी की निगरानी में रहेगा। इसके साथ ही छह इंस्पेक्टर भी अलग-अलग जिम्मेदारियों को निभाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी लगाई गई है।
-रमेश कुमार, थाना प्रभारी, थाना बलदेव नगर