संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन से बरेली सहित लालकुआं और इज्जतनगर के लिए यात्रियों को अब सीधी ट्रेन मिलेगी और वह भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित। इज्जतनगर से चंडीगढ़ तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन के लिए प्रस्ताव पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) मुख्यालय गोरखपुर से दिल्ली स्थित रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इस प्रस्ताव के तहत वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में छह दिन (शनिवार छोड़कर) किया जाएगा, हालांकि अभी इस प्रस्ताव के तहत न तो ट्रेन का नंबर जारी किया गया है और न ही संचालन की तारीख घोषित की गई है जोकि नया रैक मिलने के बाद ही घोषित की जाएगी।
प्रस्तावित समय सारिणी व स्टेशन : ट्रेन सुबह 6:30 बजे इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 3 बजे चंडीगढ़ से प्रस्थान करेगी और रात 10:30 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी। ट्रेन 503 किमी का सफर 7:30 में पूरा करेगी। ट्रेन मार्ग में लालकुआं, काशीपुर, काठगढ़, मुरादाबाद, सहारनपुर व अंबाला कैंट स्टेशनों पर रुकेगी।