अंबाला। भगवान महावीर स्वामी का 2550 वां जन्म कल्याणक महोत्सव अंबाला छावनी में बहुत धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में श्री दिगंबर जैन सभा द्वारा त्री-दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इसमें सर्वप्रथम 9 अप्रैल को श्री दिगंबर जैन मंदिर, गुड बाजार में श्री महावीर स्तोत्र का विधान कराया जाएगा।इसके उपरांत शाम 7.30 बजे विश्व णमोकार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री णमोकार महामंत्र का पाठ आयोजित किया जाएगा।
श्री दिगंबर जैन सभा अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव के अवसर पर 10 अप्रैल को अंबाला में एक विशाल व भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें जबलपुर व गुजरात से आए बैंड अंबाला के मुख्य बाजारों में अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 11 अप्रैल को लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित भजन संध्या होगी। इसमें विश्व विख्यात गायक विक्की डी. पारेख (मुंबई) भजनों के जरिये गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे।
महामंत्री राज कुमार जैन ने बताया कि इस वर्ष भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए न सिर्फ अंबाला अपितु चंडीगढ़, जीरकपुर, पंचकुला, करनाल, यमुनानगर आदि की दिगंबर, श्वेतांबर व जैन समाज का हर समुदाय मिलकर व बढ़-चढ़कर एक साथ हिस्सा ले रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन का मात्र एक ही ध्येय है कि भगवान महावीर के एकता संदेश को हर घर तक पहुंचाना व अपने जीवन में धारण करना। इसके साथ ही सभा के समस्त पदाधिकारीगण ने समाज व शहर के हर वर्ग, हर धर्म, हर संप्रदाय के हर एक व्यक्ति से करबद्ध अनुरोध किया है कि वह भी इन सभी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भगवान महावीर के सिद्धांतों को जाने। इस अवसर पर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद जैन, मुख्य संयोजक सुनील जैन, राजेंद्र जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक जैन, महाप्रबंधक राहुल जैन (एडवोकेट) आदि उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का यह रहेगा शेड्यूल
चैत्र शुक्ल द्वादशी
बुधवार को सुबह 6.30 बजे महावीर स्तोत्र विधान (विधान उपरांत भोजन), रात्रि 7.30 बजे णमोकार महामंत्र पाठ (विश्व नवकार महामंत्र दिवस के उपलक्ष्य में), धर्म सभा, सामूहिक आरती, शोभा यात्रा के लिए पात्रों के चयन की बेलियां (ऊपर वाले मंदिर में)।
चैत्र शुक्ल त्रयोदशी
वीरवार को प्रातः 5.30 बजे प्रभात फेरी (श्री दिगंबर जैन मंदिर गुड बाजार से श्री एस. एस. जैन सभा, जैन स्थानक काली बाड़ी चौक तक), प्रात: 10 बजे श्री जी की भव्य शोभा यात्रा (गुड़ बाजार मंदिर से प्रारंभ), दोपहर 3 बजे श्री जी का अभिषेक एवं शांति धारा, शाम 4 बजे सकल जैन समाज का प्रीति भोज
का आयोजन होगा।
चैत्र शुक्ल चौदश
शुक्रवार को प्रातः 8 बजे मान स्तंभ पर श्री जी का अभिषेक (अभिषेक उपरांत अल्पाहार) व रात्रि 7 बजे सुप्रसिद्ध जैन भजन गायक विक्की कुमार डी पारेख (मुंबई) द्वारा भव्य भजन भक्ति संध्या (प्रभु इच्छा तक)। कार्यक्रम का आयोजन लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया जाएगा।