अंबाला छावनी में सीआईए की गिरफ्त से भागे नशा तस्कर की फोटो। जीआरपी
अंबाला। सीआईए की गिरफ्त से 13 नवंबर की रात भागे चरस तस्कर को पकड़ने के लिए बेशक जीआरपी थाने में मुख्य आरोपी सहित पांच मुलाजिमों के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है, लेकिन मुलाजिम लाज बचाने के लिए 24 घंटे से धरपकड़ में लगे हैं। तस्कर मंडी हिमाचल का रहने वाला है। इसलिए उसके निवास स्थान सहित रिश्तेदारों और अन्य ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं। इसके साथ ही वो हिमाचल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद ले रहे हैं।
अभी इस मामले को लेकर किसी भी आरोपित कर्मचारी को लाइन हाजिर या निलंबित नहीं किया गया है लेकिन उन्हें उच्चाधिकारियों की तरफ से निर्देश मिले हैं कि वो जल्द से जल्द मुख्य आरोपी को पकड़ लें, अन्यथा उनके खिलाफ जो भी विभागीय कार्रवाई बनती है वो की जाएगी। इस मामले की जांच के लिए अंबाला छावनी जीआरपी थाने के प्रभारी धर्मवीर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी है और उन्होंने टीम सहित हिमाचल में डेरा डाल दिया है।
यह है पूरा मामला
दरअसल सीआईए ने बुधवार शाम को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के परिसर से मंडी निवासी नरेंद्र को पकड़ा था। उसके खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया ताकि वीरवार को उसे कोर्ट में पेश किया जा सके। लेकिन शातिर आरोपी बुधवार रात को ही मुलाजिमों को शौच करने के बहाने चकमा देकर सीआईए थाने से फरार हो गया। इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर सीआईए प्रभारी विलायती राम की शिकायत पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले उप.नि. परमजीत सिंह, सिपाही कृष्ण कुमार नंबर 560, सिपाही अनिल कुमार, सिपाही पवन कुमार व सिपाही कृष्ण 28 के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वर्जन
अभी मामले की जांच चल रही है। आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी थाना, अंबाला