अंबाला। भ्रष्टाचार में संलिप्त निलंबित जीआरपी कर्मचारियों की दिक्कतें बढ़ने वाली है, उन पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है, वहीं दो नोटिस के देने के बाद भी निलंबित किए गए दोनों कर्मचारी अभी तक एसआईटी के समक्ष पेश नहीं हुए हैं और अब तीसरा और अंतिम नोटिस देने की तैयारी शुरू हो गई है ताकि गिरफ्तारी वारंट को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू हो सके।
मामले में जोड़ी थी भ्रष्टाचार की धारा: ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह के साथ संलिप्तता मामले में निलंबित किए गए उप निरीक्षक विलायती सैनी और सिपाही अमित की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में पिछले सप्ताह भ्रष्टाचार की धारा 3 व 7 को भी जोड़ दिया गया था। ऐसे में दोनों कर्मचारियों पर आरोप तय माने जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एसआईटी ने भी अपनी जांच तेज कर दी है, हालांकि दो नोटिस देने के बाद भी उक्त दोनों कर्मचारी एक बार भी न तो एसआईटी के समक्ष पेश हुए हैं और न ही एसपी के समक्ष, वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि उन्होंने मेडिकल की अर्जी दी थी, लेकिन फिर वह अचानक लापता हो गए हैं इसलिए विभाग में भी उन्हें गैरहाजिर दर्शाया जा रहा है।