हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। रेलवे ने नई दिल्ली से श्रीनगर तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए उत्तर रेलवे ने अंबाला, फिरोजपुर और जम्मू मंडल से मार्ग की समयसारिणी और स्टेशनों पर प्लेटफाॅर्म के ठहराव से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तत्काल मांगी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसके बाद इस मार्ग पर ट्रेन के संचालन की आधिकारिक तारीख का एलान किया जाएगा।
मौजूदा समय में यात्रियों को नई दिल्ली से कटरा तक का सफर तो वंदे भारत या अन्य ट्रेनों से मिल जाता है, लेकिन इसके आगे श्रीनगर की वादियों तक पहुंचने के लिए उन्हें ट्रेन बदलकर जाना पड़ता है। इस मार्ग पर स्लीपर वंदे भारत चलने से यह परेशानी खत्म हो जाएगी। यात्री राजधानी से ही स्लीपर कोच में सवार होकर बिना किसी झंझट के सीधे श्रीनगर पहुंच सकेंगे।
अंबाला, फिरोजपुर और जम्मू मंडल के स्थानीय स्टेशनों पर तैनात अधिकारियों ने रेलवे मुख्यालय के निर्देशों के बाद तकनीकी परीक्षण और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रैक की क्षमता, सुरक्षा मानकों और समय सारिणी का आकलन करने के बाद यह रिपोर्ट जल्द मुख्यालय को सौंप दी जाएगी। - संवाद