अंबाला। होली के लिए यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए रोडवेज ने अपनी तैयारी कर ली है। इसके साथ ही छावनी और शहर के बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ के लिए रिजर्व में बसें रखी हैं।
ये बसें जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तुरंत उनके गंतव्य पर छोड़ने का काम करेंगी। इसके अलावा बस स्टैंड पर दुर्गा शक्ति की गाड़ी तैनात रहेगी, जो महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगी। वहीं, होमगार्ड के जवान और पुलिस कर्मचारी भी बस स्टैंड पर मौजूद रहेंगे जो किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सक्षम रहेंगे।
दो दिन बाद होली का त्योहार है। लोग होली का त्योहार अपने अपने घरों पर मनाते हैं। इसे लेकर लोग होली से एक दिन पहले ही अपने घरों पर पहुंच जाते हैं। ऐसे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए रोडवेज ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
यातायात प्रबंधक विपुल नांदल ने बताया कि जीटी बेल्ट रूट पर हरियाणा रोडवेज, चंडीगढ़ रोडवेज, पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी, हिमाचल रोडवेज की बसें 24 घंटे तक सर्विस है। जिसके कारण इस रूट पर यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं नौरनाल, हिसार और सिरसा के रूट पर यात्रियों की भीड़ रहने की संभावना है जिसे लेकर रिजर्व में बसें रखी गई हैं। जैसे ही बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ जमा हुई तुरंत बस को उस रूप पर भेज दिया जाएगा।