अंबाला सिटी। बढ़ती गर्मी के साथ-साथ एसी, कूलर इत्यादि चलने से बिजली की खपत में भी एकाएक इजाफा हुआ है। जहां एक सप्ताह पहले केवल 68.64 लाख यूनिट बिजली खर्च हो रही थी। वह बढ़कर 98 लाख तक पहुंच गई है। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो अगर ऐसी ही स्थिति रही तो यह आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ यूनिट तक पहुंच जाएगा। ऐसे में बिजली निगम के लिए इतनी बिजली की पूर्ति करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है, परंतु बिजली निगम की ओर से शहरी क्षेत्रों में पूरा प्रयास किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर किसान पर्याप्त बिजली न मिलने से खफा हैं।
किसानों का कहना है कि इस समय उन्हें धान रोपाई के लिए पानी की आवश्यकता है और खेतों में पानी भरने के लिए उन्हें ट्यूबवेल चलाने की जरूरत होती है। बिजली न आने के कारण वह ट्यूबवेल नहीं चला पा रहे हैं। इस कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों ने मांग की है कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध करवाई जाए। उल्लेखनीय है कि ज्यादा खपत के दौरान सिस्टम फेल न हो, इसके लिए निगम ने 11 केवी 5 नए फीडर इंस्टॉल किए थे। उसका फायदा भी दिखाई दे रहा है, लगातार बढ़ रही बिजली की खपत के बाद भी कई बड़ा फॉल्ट नहीं हुआ है। इसके अलावा बिजली निगम की ओर से ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं, अगर ट्रांसफार्मर फेल होता है तो उससे बिजली उपलब्ध करवाई जा सके।
इस तरह से बढ़ी बिजली की खपत
दिनांक--यूनिट
20 जून--68.64
21 जून--67.74
22 जून--74.11
23 जून--78.72
24 जून--87.22
25 जून--93.20
26 जून--98.79
पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। जहां-जहां से शिकायत आती है, हमारी टीम तुरंत वहा समस्या का निदान करने पहुंच जाती है। कहीं बिजली न आने की शिकायत है तो उसे जरूर दूर किया जाएगा। - सुखबीर सिंह, एक्सईएन, अंबाला सिटी।