संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पॉश इलाके वाटिका सिटी सेंटर में रहने वाले मर्चेंट नेवी के कैप्टन साइबर ठगों के जाल में फंस गए। जालसाजों ने बैंकों के विलय (मर्जर) की प्रक्रिया का झांसा देकर और वीडियो कॉल के जरिये क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर 5.70 लाख रुपये से अधिक की चपत लगा दी।
वाटिका सिटी सेंटर निवासी अमित मंगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मर्चेंट नेवी में कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं। 7 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एचएसबीसी बैंक का कर्मचारी बताया। उसने दावा किया कि तीन बैंकों का आपस में विलय हो रहा है। इसके तहत ग्राहकों को नए क्रेडिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
जांच अधिकारी एसआई बलवान ने बताया कि ठग की बातों में आकर पीड़ित ने अपने क्रेडिट कार्ड दिखाने की सहमति दे दी। इसके बाद शातिर ने वीडियो कॉल करवाकर पीड़ित के दो क्रेडिट कार्ड्स के फोटो और डिटेल्स हासिल कर लिए। विवरण मिलते ही पीड़ित के मोबाइल पर धड़ाधड़ पैसे कटने के मैसेज आने लगे। इस दौरान अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड से 50,500 के चार ट्रांजेक्शन और 82,999 के तीन ट्रांजेक्शन कर कुल 4,50,997 उड़ा दिए गए।
इसी प्रकार आरबीएल क्रेडिट कार्ड से 50,000 और 70,000 की दो कटौतियों के जरिये 1.20 लाख निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार, शातिर ठगों ने कुल 5,70,997 रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया।
1930 पर शिकायत के बाद भी ठगों की दुस्साहस
पैसे कटते ही पीड़ित अमित मंगल ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बावजूद आरोपी ने दूसरे व्हाट्सएप नंबर से फोन करके दोबारा बातों में उलझाने की कोशिश की। इस पर पीड़ित ने फोन काट दिया और पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी एसआई बलवान ने बताया कि धोखाधड़ी 318(4) और भेष बदलकर/प्रतिरूपण द्वारा ठगी की धारा 319(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ठगी में इस्तेमाल किए गए दोनों मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है, ताकि ठगों को काबू किया जा सके।