- शिक्षा विभाग ने चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों से सहमति मांगी
- कक्षा पांचवीं से बारहवीं में दाखिले करने के लिए विभाग ने जारी किया शेड्यूल
- विद्यार्थी जिस खंड में पढ़ रहे, उसी क्षेत्र के विद्यालयों में कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क दाखिला देने के लिए शिक्षा विभाग ने पोर्टल खोल दिया है। निजी स्कूलों को विभागीय पोर्टल पर 24 फरवरी से 7 मार्च तक अपनी सहमति देनी होगी। इसमें निजी स्कूलों को कक्षा के अनुसार सीट की संख्या बतानी होगी। इस योजना में राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थी ही पात्र होंगे। विद्यार्थी एक से अधिक विद्यालयों में भी आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने इस योजना में सहमति प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा पांचवीं से बारहवीं में दाखिले करने के लिए शेड्यूल जारी किया है। सहमत मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की कक्षा अनुसार घोषित सीटों का विवरण विभाग की ओर से विभागीय पोर्टल पर दर्शाया जाएगा जिसे संबंधित विद्यालय 15 मार्च से नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करेगा। इसके बाद छात्र निजी विद्यालयों में दाखिले के लिए 15 से 31 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। जिन विद्यालयों में सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे तो उस स्थिति में दाखिले के लिए लॉटरी के माध्यम से 1 से 5 अप्रैल की अवधि में ड्रॉ निकाले जाएंगे।
सरकारी स्कूल से एसएलसी लिया जाना अनिवार्य
मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय प्राप्त आवेदनों पर 1 से 15 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया संपन्न करेंगे। लॉटरी ड्रा के उपरांत मुख्य सूची में सफल छात्रों की ओर से निर्धारित तिथि तक दाखिला न लेने पर उनकी रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची के छात्रों के दाखिले 16 से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। निजी विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के जिन छात्रों के अभिभावकों की आय 1 लाख 80 हजार रुपए एवं इससे कम होगी, उन्हीं छात्रों को दाखिले के लिए पात्र माना जाएगा। वह आय परिवार पहचान पत्र की वार्षिक सत्यापित आय से मान्य होगी।
इस योजना का लाभ लेने के लिए केवल वह छात्र पात्र होंगे, जिन्होंने गत शैक्षणिक वर्ष में अपनी शिक्षा सरकारी विद्यालयों से उत्तीर्ण की होगी। विद्यार्थी जिस खंड में वर्तमान में पढ़ रहे हैं, उसी खंड में आवेदन कर सकेंगे। निजी स्कूल में दाखिले के लिए सरकारी स्कूल से लीविंग सर्टिफिकेट लिया जाना अनिवार्य होगा।
चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों से दाखिले के लिए 24 फरवरी से 7 मार्च तक सहमति मांगी है। विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए निजी स्कूल विभागीय पोर्टल पर अपनी सहमति देंगे। सहमति देने वाले निजी स्कूलों में छात्र 15 से 31 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद दाखिले की आगामी प्रक्रिया होगी।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।