अंबाला। मंत्री जी पोती के मृत्यु के मामले में पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है। बेटे की मृत्यु के बाद उनकी बहू अलग रह रही थी और अब उन्हें जानकारी मिली की पोती की मौत हो गई है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया, लेकिन कार्रवाई नहीं की। उक्त शिकायत सिरसा से आए फरियादी ने गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष की तो मंत्री ने मामले की छानबीन के लिए एसआईटी गठित करने के दिशा-निर्देश दिए।
दरअसल हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वीरवार को अपने आवास पर विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इसी तरह हिसार से आए फरियादी ने बताया कि उसके बेटे की कुछ दिनों पूर्व उसके ही दोस्तों ने नशा देकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने केस दर्ज करने के बावजूद अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। गृह मंत्री ने एसपी हिसार को मामले में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। साथ ही इस मामले में नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को छानबीन के निर्देश दिए हैं।
करनाल से आए सब्जी मंडी के आढ़ती ने बताया कि उसके पास काम करने वाले मुनीम ने उसके साथ ही डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की है। गृह मंत्री ने मामले में सीआईए करनाल को जांच के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार महेंद्रगढ़ से आई महिला ने पति पर मारपीट करने व उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। पंचकूला से महिला फरियादी ने उसके पति पर फर्जी केस दर्ज होने की शिकायत दी। उसका आरोप था कि एक अन्य महिला ने उसके पति पर झूठा केस दर्ज कराया है। जींद से आए व्यक्ति ने उसकी बेटी के कई दिनों से लापता होने की शिकायत दी। अंबाला छावनी निवासी फरियादी ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लाख ठगी करने के आरोप लगाए। सभी पर गृह मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पंचकूला में अवैध खनन
पंचकूला के गांव खेड़ी से आए फरियादी ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा बड़े टिप्परों व ट्रकों के माध्यम से क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है। भारी वाहनों की वजह से रोड किनारे उसके घर की दीवारों में दरारें तक आ गई है। गृह मंत्री ने हरियाणा एनफोर्समेंट ब्यूरो को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
अन्य मामलों में कार्रवाई
कैथल निवासी व्यक्ति ने उसकी जमीन पर लोगों द्वारा नाजायज कब्जा करने व जमीनी विवाद में एसडीएम कोर्ट के आदेश नहीं मानने की शिकायत दी। इस पर मंत्री विज ने कैथल डीसी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह सोनीपत निवासी व्यक्ति ने उसके घर में लाखों की चोरी होने व चोरों के पकड़े जाने के बावजूद सामान की रिकवरी नहीं होने की शिकायत दी। गृह मंत्री ने पुलिस कमिश्नर सोनीपत को फोन कर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य कई शिकायतें गृह मंत्री के समक्ष आई और सभी पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए।