अंबाला कैंट के पुलिस लाइन मैदान में नशे के दूर रहने की शपथ ग्रहण करते हुए पुलिस व डॉक्टर टीम के
अंबाला। पुलिस विभाग की ओर से एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत क्रिकेट टूर्नामेंट के रविवार को दूसरे चरण के मुकाबले हुए। सुबह से शाम तक आठ टीमों के बीच चार मुकाबले हुए। इस टूर्नामेंट में सरकारी डॉक्टरों व पुलिस की टीम के बीच हुआ मैच रोमांचक रहा। अंबाला हेल्थ डिपार्टमेंट व अंबाला पुलिस इलेवन के बीच हुए मुकाबले में अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत भी पुलिस की टीम का हिस्सा रहे।
इसमें पुलिस ने अंबाला हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम को हराया। मैच के दौरान अंबाला पुलिस अधीक्षक खुद टीम का हौंसला बढ़ाने के लिए उतरे। दो ओवर में एक विकेट झटका। वहीं, दूसरी ओर सरकारी डॉक्टरों द्वारा मैच में चौके-छक्के लगाने पर खूब तालियां बजीं। अटल कैंसर केयर केंद्र के कार्यवाहक डॉ. यशपाल ने शानदार विकेट कीपिंग की।
28 दिसंबर को होंगे तीसरे चरण के मुकाबले
दूसरे चरण के तहत रविवार को पहले मुकाबले में हरियाणा आर्म्ड पुलिस इलेवन ने सीई स्मेशर इलेवन को हराया। दूसरे मुकाबले में चैंपियन फारएवर इलेवन ने एजुकेशन डिपार्टमेंट को मात दी। तीसरे मुकाबले में अंबाला वारियर्स इलेवन ने अंबाला ज्वैलर्स को हराया। पुलिस व डॉक्टरों के बीच हुए मुकाबले में अंबाला सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल मुख्य रूप से शामिल रहे।
खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने की शपथ भी ग्रहण की। अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, खेलों को अपनाएं और सकारात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। तीसरे चरण के मुकाबले 28 दिसंबर को होंगे। उसके बाद 15 जनवरी को इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
अंबाला कैंट के पुलिस लाइन मैदान में नशे के दूर रहने की शपथ ग्रहण करते हुए पुलिस व डॉक्टर टीम के