अंबाला। श्री दरबार साहिब अमृतसर की तर्ज पर अब गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में भी श्रद्धालुओं को पिन्नी का प्रसाद मिलेगा। गुरुद्वारा साहिब में नई मशीन आ गई है और इसे स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही गुरु चरणों में अरदास उपरांत पिन्नी प्रसाद की सुविधा शुरू होगी।
इस सुविधा का फायदा उन श्रद्धालुओं को होगा जाे दूरदराज क्षेत्रों से यहां माथा टेकने और मनोकामना पूर्ण करने के लिए आते हैं, जिससे कि वे भी अपने आसपड़ोस सहित परिजनों में पिन्नी प्रसाद का वितरण कर सकें और वो भी गुरु महिमा का गुणगान कर सकें। इसी प्रकार दूसरी बड़ी सुविधा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यात्री निवासी की मिलेगी जोकि 60 कमरों का होगा।
इसकी सेवा कार सेवा वाले बाबा की तरफ से की जा रही है और इसका निर्माण कार्य भी गुरुद्वारा साहिब के नजदीक जमीन पर कर दिया गया है। यात्री निवासी में ही वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा सहित पार्क आदि भी होगा, जिससे कि यहां कथा-कीर्तन समागम व प्रकाश उत्सव के संबंध में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए कहीं बाहर न जाना पड़े और यहीं गुरु घर में ही उन्हें रात्रि विश्राम की सुविधा मिले। उक्त जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के वरिष्ठ उप प्रधान सुदर्शन सिंह सहगल और कार्यकारी सदस्य तरविंदर पाल सिंह ने दी।
प्रत्येक रविवार को सजते हैं दीवान
धन-धन श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी महाराज की चरण स्पर्श धरती गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब की महता अंबाला के नजदीक ही नहीं बल्कि कोसों दूर पंजाब, उतराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक है। इसलिए गुरुद्वारा साहिब में प्रत्येक रविवार को विशेष दीवान सजाए जाते हैं। संगत पहले पवित्र सरोवर में स्नान करती है और फिर गुरु चरणों में अरदास करके सुख-शांति की कामना करती है। मान्यता है कि अगर कोई श्रद्धालु सच्ची निष्ठा व लग्न से पांच रविवार यहां आकर स्नान करता है और गुरु चरणों में माथा टेकता है तो उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती है और दुख-दर्द दूर होते हैं।