अंबाला। गर्मी शुरू होते ही लोगों को गंदे पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पहले यह समस्या लालकुर्ती बाजार की थी। अब वार्ड 19 के कुंज विहार में भी ऐसी ही परेशानी है। जनस्वास्थ्य विभाग सहित नगर परिषद में शिकायत देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। हालांकि वार्ड पार्षद ने क्षेत्र का दौरा करके समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
स्थानीय निवासी नीरू, पवन, अरविंद, पुष्पा, निशा, कुणाल और शशि आदि ने बताया कि पिछले काफी दिनों से घरों में गंदा पानी आ रहा है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। मजबूरन पानी को खरीदकर पीना पड़ रहा है। गंदे पानी का इस्तेमाल करने से लोग पेट की बीमारी से जूझ रहे हैं।
नगर परिषद कार्यालय में हो शिकायत केंद्र
स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी के बिल जमा कराने के लिए उन्हें नगर परिषद कार्यालय जाना पड़ता है लेकिन पानी से संबंधित शिकायत के लिए या तो 12 क्रॉस रोड कार्यालय पर या फिर पटेल पार्क के पास कार्यालय जाना पड़ता है जोकि सबसे बड़ी परेशानी का कारण है। इसलिए विभाग को आमजन की इस परेशानी का समाधान करते हुए नगर परिषद कार्यालय में ही शिकायत केंद्र का प्रबंध करना चाहिए।
वर्जन
कुंज विहार में गंदे पानी की समस्या की जानकारी मिली है। सुबह इस समस्या का समाधान करवाया जाएगा, जिससे कि लोगों को साफ व स्वच्छ पानी मिल सके।
जगदीप सिंह विर्क, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग।