माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। 1.72 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में आरोपी मैसर्स श्री साई एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) भारत कुमार भारमार को झटका लगा है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हितेश गर्ग की अदालत ने निचली अदालत की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट, जमानत रद्द करने और जमानत मुचलका जब्त करने के आदेश के खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका को खारिज कर दिया है।
मॉडल टाउन, अंबाला सिटी निवासी रमन कुमार ने वर्ष 2022 में श्री साई एंटरटेनमेंट्स और इसके एमडी भारत कुमार के खिलाफ चेक बाउंस की शिकायत दर्ज कराई थी। सुनवाई के दौरान जुलाई 2026 में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता के जरिये 1,72,00,000 रुपये में समझौता हुआ था, जिसका भुगतान 6 महीने के भीतर किस्तों में किया जाना था। हालांकि, आरोपी कंपनी की ओर से मात्र 25,000 रुपये का ही भुगतान किया गया।
-
निचली अदालत का सख्त रुख
16 अक्टूबर को भुगतान की तारीख तय होने के बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए और वकील के जरिए बीमारी का हवाला देकर व्यक्तिगत पेशी से छूट की अर्जी दाखिल की। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी चिनार बागला की अदालत ने आरोपी के इस रवैये को मामले को लटकाने की मंशा मानते हुए अर्जी खारिज कर दी थी और गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हितेश गर्ग की अदालत ने फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी वारंट और जमानत रद्द करने का आदेश एक अंतरिम आदेश है, जिसके खिलाफ पुनरीक्षण याचिका कानूनी रूप से पोषणीय नहीं है। अदालत ने कहा कि शिकायतकर्ता 2022 से अपने पैसे का इंतजार कर रहा है और बार-बार समय मांगने के बाद भी समझौता राशि का भुगतान नहीं किया गया। अदालत ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि यदि आरोपी निचली अदालत में जमानत के लिए आवेदन करते हैं, तो उस पर कानून के अनुसार विचार किया जाएगा।