संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कैथ माजरी इलाके में दीपावली की रात घर के सामने तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ने का विरोध करना दो भाइयों को भारी पड़ गया। लांबा सीमेंट के पास देर रात करीब 12:30 बजे पड़ोसी युवक ने अपने 10 से 12 साथियों को बुलाकर हरप्रीत और मनप्रीत पर तलवारों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें पहले नागरिक अस्पताल और बाद में निजी ईश्वर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। सिटी थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि पीड़ित हरप्रीत के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला बाबू पिछले कई दिनों से उनके घर के सामने तेज धमाके वाले पटाखे फोड़ रहा था।
हरप्रीत का डेढ़ साल का बच्चा है। पटाखों की तेज आवाज से बच्चे को परेशानी होती थी। इस कारण परिवार ने कई बार बाबू को घर के सामने पटाखे फोड़ने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। दीपावली की रात भी बाबू उनके दरवाजे के सामने तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ रहा था। इस पर हरप्रीत और उसका भाई मनप्रीत बाहर आए और उसे ऐसा करने से रोका।
समझाने पर भड़का पड़ोसी, बाहर से बुलाए हमलावर
बातचीत के दौरान पड़ोसी बाबू भड़क गया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद बाबू ने अपने 10 से 12 अन्य साथियों को फोन करके मौके पर बुला लिया। हथियारबंद युवकों के आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। हमलावरों ने लाठी-डंडे और नंगी तलवारें निकालकर हरप्रीत और मनप्रीत पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए दोनों ने गुहार लगाई, लेकिन हमलावर उन पर तब तक वार करते रहे जब तक कि वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर नहीं पड़े।
112 पर कॉल के बावजूद नहीं पहुंची पुलिस
हरप्रीत के अनुसार, घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। घायलों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट करवा दी गई है और पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज करा दी गई है। थाना प्रभारी सुनीत ढाका ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
अंबाला सिटी के अस्पताल में घायल। सोशल मीडिया