अंबाला सिटी। जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सबसे ज्यादा मरीज बुखार और पेट से जुड़ी समस्याओं के पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि ओपीडी में 1500 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं, उधर चिकित्सक भी मरीजों से इस मौसम में सेहत का ख्याल रखने की बात कह रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इन दिनों बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूषित पानी के सेवन के कारण शरीर में इंफेक्शन का खतरा बन जाता है और शरीर में तरह-तरह की बीमारियां पनप जाती हैं।
डॉ. हर्ष ने बताया कि गैस की समस्या से जुड़े मामले भी अधिक हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों में सांस संबंधी बीमारियां देखने में आ रही है इसके साथ ही पेट संबंधी मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
महिलाओं में बढ़ रही समस्या
डॉ. विजय बंसल ने बताया कि इन दिनों ओपीडी में मरीजों की संख्या पहले की अपेक्षा बढ़ गई है। इनमें सबसे अधिक महिला मरीजों में कमर का दर्द सबसे अधिक समस्या देखने में आ रही है। इन दिनों वायरल भी चल रहा है, जिसमें पहले बुखार आता है और पूरे शरीर में कमजोरी के कारण दर्द व अकड़न रहती है।
आंखों में संक्रमण के भी आ रहे मरीज
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ राजेश गुप्ता ने बताया कि इन दिनों आंखों से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रोजाना आंखों में संक्रमण के मामले आ रहे हैं। बारिश के मौसम में गंदे हाथ आंखों में लगने से आंखें लाल हो जाती है, इसके साथ ही तेज धूप से भी आंखों में खून के थक्के बन जाते हैं, इसलिए आंखों पर चश्मा लगाकर ही निकलना चाहिए।