अंबाला। करीब 72 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए अटल कैंसर केयर सेंटर में आने वाले मरीजों को अब जल्दी ही पैट स्कैन की सुविधा भी मिलेगी। यहां मरीजों की जांच करके कैंसर के प्रकार और उसके स्टेज की पहचान करने वाली आधुनिक पैट स्कैन मशीन लगेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आर्डर तैयार किया गया है। यह मशीन हरियाणा के किसी भी सरकारी अस्पताल में नहीं है।मरीजों की जांच के बाद सटीक रिपोर्ट देने वाली करीब 90 लाख रुपये की कीमत वाली पेट स्कैन मशीन आएगी। इसके अलावा जल्द ही छह और ऑको सर्जन भी मिलेंगे और डायरेक्टर भी नियुक्त किया जाएगा।
50 बेड की क्षमता वाले अटल कैंसर केयर सेंटर को आज पूरा एक साल हो गया है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हाथों हुए शुभारंभ के बाद इस कैंसर अस्पताल ने हरियाणा ही नहीं बल्कि पंजाब, हिमाचल व राजस्थान में तक अपनी लोकप्रियता बनाई और सैंकड़ों मरीजों को भी नया जीवनदान दिया है। करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें है। अभी तक करीब 11 हजार अपनी जांच करवा चुके हैं। 870 मरीजों को दाखिल किया जा चुका है और 300 से ज्यादा की रेडियोथैरेपी, 100 से ज्यादा की ब्रेकी थैरेपी, 250 मरीजों का ब्रेस्ट कैंसर का उपचार किया जा चुका है।
इतना ही नहीं जल्द ही मरीजों के लिए नई धर्मशाला भी बनाई जाएगी। जिसमें कैंसर मरीज के साथ आने वाले रह सकेगी। अक्सर देखा जाता है कि दूसरे राज्यों से आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को रहने की सबसे ज्यादा दिक्कत खलती है। ऐसे में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से यह धर्मशाला तैयार करवाई जा रही है। बता दें कि अस्पताल में कैंसर के सर्जन, स्तन कैंसर सर्जन, पेट व आतों के कैंसर सर्जन, न्यूरो सर्जन, प्लास्टिक सर्जन नाक कान व गले के सर्जन और दांत के सर्जन, स्त्री रोग संबंधित विशेषज्ञ आदि तैनात हैं। किसी भी प्रकार के कैंसर होने पर उसका विशेषज्ञ कैंसर डाक्टर यहां पर उपलब्ध है । जिसके कारण मरीज को दूसरी जगह रेफर नहीं करना पड़ता है । ओपीडी के अन्दर परामर्श लेने के बाद मरीज को अस्पताल से ही निशुल्क दवाईयां दी जाती है।
15 घंटे सर्जरी का रिकॉर्ड भी कैंसर टर्सरी के नाम
गत माह ही कैंसर अस्पताल में मुंह के कैंसर के लिए अभी तक कि सबसे बड़ी सर्जरी थी। जोकि ओंको सर्जन द्वारा की गई। करीब 15 घंटे तक चली इस सर्जरी में सबसे चुनौती वाली बात यह थी कि डॉक्टर दिनभर ऑपरेशन थिएटर में रहे और बिना वेंटीलेटर के यह सर्जरी की गई थी। कैंसर के मरीजों के लिए यहां पर नवीनतम पद्धति पर आधारित लैब, मशीनें उपलब्ध हैं जिसके अंदर सभी प्रकार के कैंसर की जांच निशुल्क की जा रही है। इसमें कई टेस्ट तो प्राइवेट संस्थाओं में हजारों रुपये की कीमत के होते हैं । इस तरह की सुविधा प्रदान करने वाला यह हरियाणा का एक मात्र संस्थान है। अस्पताल में कैंसर की जांच के लिए पैथोलोजिस्ट भी तैनात है जो कि सभी रिपोर्ट को सूक्ष्मता से अध्ययन करके अपनी रिपोर्ट तैयार करते हैं । सभी प्रकार की कैंसर के टुकड़ों की रिपोर्ट भी इस संस्थान में 10 दिन के अंदर मरीज को दे दी जाती है। जिससे कि मरीज का उपचार जल्दी शुरु किया जा सकता है ।