- यात्रियों का सामान सुरक्षित रखने के लिए प्रस्ताव तैयार, 50 से 100 रुपये तक होगा किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों को लॉकर रूम की सुविधा मिलेगी। यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे ने यह प्रस्ताव तैयार किया है। इससे न केवल यात्रियों की परेशानी दूर होगी बल्कि उन्हें भारी-भरकम बैग व अन्य सामान साथ लेकर घूमने की मजबूरी से भी निजात मिलेगी।
रेलवे की योजना के अनुसार, यह लॉकर रूम पार्सल कार्यालय के समीप बनाया गया है। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों, जिन्हें ट्रेन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है या शहर में किसी काम से जाना होता है, उनकी मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस सुविधा के तहत यात्री 24 घंटे के लिए अपना सामान यहां जमा करवा सकेंगे।
समय सारिणी पर मंथन जारी
लॉकर रूम की सुविधा के लिए रेलवे ने मामूली शुल्क निर्धारित करने का खाका तैयार किया है। सामान के आकार और समय के हिसाब से 50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक का किराया तय किया जा सकता है, हालांकि इसमें समय सारिणी को लेकर भी मंथन किया जा रहा है ताकि घंटों के हिसाब से शुल्क का भी निर्धारण किया जा सके।
लंबे समय से यात्री स्टेशन पर क्लॉक रूम के साथ-साथ सुरक्षित लॉकर की मांग कर रहे थे। अब प्रस्ताव तैयार होने के बाद जल्द इस सेवा को धरातल पर उतारने की तैयारी है। इस सुविधा से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल