अंबाला। दो ट्रेनों में चोरों ने यात्रियों के नकदी, जेवरात, सरकारी बॉन्ड और दस्तावेज चोरी कर लिए। जीआरपी ने जीरो एफआईआर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की हैं। पहली वारदात ट्रेन संख्या 13051 नेताजी एक्सप्रेस की है। शिकायत के अनुसार, कालका के रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल परिवार के साथ कोच नं. बी-3 की सीट नंबर 23, 24, 27 में दिल्ली से कालका की यात्रा कर रहे थे।
15 नवंबर को जब ट्रेन चंडीगढ़ पहुंचने वाली थी, उससे पहले सीट नंबर 23 पर रखा उनकी पत्नी का हरे रंग का बड़ा लेडीज बैग गायब मिला। बैग में 5 हजार नकद, 1 करोड़ का पीएलआई बॉन्ड व करीब 10 ग्राम वजन की चांदी की चेन थी। दूसरी वारदात ट्रेन संख्या 14662 शालीमार मिलानी एक्सप्रेस में बुजुर्ग यात्री के साथ हुई। बिहार के वैशाली जिले (हाजीपुर) के रहने वाले शशि भूषण प्रसाद (74) जम्मू तवी से गाजियाबाद की यात्रा कर रहे थे। वह कोच ए-1 की सीट नंबर 13-15 पर सवार थे।
रात 11:30 बजे वो सोए थे। जब सुबह 5:30 बजे अंबाला कैंट स्टेशन के पास उनकी आंख खुली, तो उनकी पत्नी का हैंडबैग गायब था। बैग में 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन थे। जीआरपी थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। संवाद