अंबाला। हनीट्रैप के जाल में फंसाकर सबगा गांव निवासी सुनील उर्फ सन्नी से जानकारी लेने वाली महिला ने बातचीत के दौरान एयरफोर्स स्टेशन में खड़े राफेल की भी सटीक जानकारी मांगी थी। पूछना चाहा था कि राफेल कितने हैं व कहां-कहां खड़े होते हैं। कई बार सुनील पर इसका दबाव भी बनाया गया था, मगर वह केवल राफेल होने की ही जानकारी दे पाया था। हालांकि दूसरी तरफ सुनील ऐसी कोई जानकारी देने को लेकर इन्कार भी कर रहा है।
महिला ने फेसबुक व व्हाट्सएप नंबर पर की चैट के दौरान सुनील से पता कर लिया था कि उसका एयरफोर्स स्टेशन के भीतर जाने का कार्ड बना है, जबकि सुनील भी कई बार एयरफोर्स स्टेशन के बीच बने क्वार्टरों तक मरम्मत के कार्य के चलते जा चुका था। फोन ले जाने की अनुमति न होने के कारण सुनील भीतर की ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। सुनील का 7 दिसंबर को चार दिन का रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
सबगा गांव के सुनील के बैंक खाते में मिले 12 हजार रुपये
सीआईए-2 की टीम ने सबगा गांव में सुनील उर्फ सन्नी सहित पूरे परिवार के गांव की शाखा पंजाब सिंध बैंक के खातों को खंगाला था। सुनील का एक बैंक खाता मिला था। इस खाते में केवल ठेकेदार की तरफ से वेतन डाला जाता था। सुनील कच्चा कर्मचारी था इसलिए वेतन भी कम था। खातों की जांच के दौरान भी महज 12 हजार रुपये मिले थे, इसके अलावा परिवार के खातों में किसी भी तरह से कोई ऐसी राशि नहीं मिली है जिसका वह हिसाब नहीं दे पाए। रिमांड के दौरान आईबी की टीम ने भी अपने स्तर पर सुनील से पूछताछ में साक्ष्य जुटाए थे और आरोपी से मिली लीड पर भी काम कर रही है।