गांव अद्दोमाजरा में स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के पंप हाउस से कैंट तक पीने के पानी के लिए डाली जा रही पाइप लाइन के ज्वाइंट टांगरी नदी में खुले पड़े होने से किसानों की कई एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई।
बुधवार को किसान उपायुक्त कार्यालय में पहुंचे। किसानों ने बताया कि करीब एक साल पहले नगरपालिका के ठेकेदार को अद्दो माजरा से घसीटपुर से होते हुए अंबाला कैंट पीने के पानी की पाइप लाइन डालने का ठेका दिया था। यह पाइपलाइन बीच में लगने वाली टांगरी नदी के बिल्कुल नजदीक से डाली गई।
ठेकेदार ने इस बिछाई गई पाइप लाइन में बीच-बीच में कई ज्वाइंट बाद में जोड़ने के चक्कर में खुले छोड़ दिए, जिसका खमियाजा ग्रामीणों व किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसान करनैल सिंह, देशराज, जागीर सिंह, मलकीयत सिंह व श्रवण सिंह ने बताया कि किसानों की फसलों को पाइप लाइन का कार्य अधूरा पड़ा होने से नुकसान हो रहा है। किसानों ने बताया कि उनकी फसल में आ रहे पानी को रोकने के लिए जब किसानों ने विभागीय अधिकारियों को फोन किया तो संबंधित विभाग का कोई भी अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करने नहीं पहुंचा। किसानों ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। संवाद