अंबाला सिटी। कोरोना के समय प्रधानमंत्री राहत कोष से मिला नारायणगढ़ का ऑक्सीजन प्लांट अनदेखी का शिकार है। तीन महीने से इस ऑक्सीजन प्लांट की रिपेयर का बजट नहीं मिला है। इसे रिपेयर कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के निदेशालय की ओर से बजट के लिए निदेशालय को भेजा है।
अभी तक बजट मंजूर नहीं हुआ है। यही कारण है कि इस ओर किसी का ध्यान ही नहीं है। इधर नारायणगढ़ अस्पताल का निर्माण भी पूरा होने वाला है। ऐसे में अगर ऑक्सीजन प्लांट का काम अधूरा रहा तो मरीजों के लिए समस्या बन सकती है।
तीन जगह मिले थे ऑक्सीजन प्लांट
कोरोना के समय प्रधानमंत्री राहत कोष के तहत अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल, अंबाला छावनी और नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट दिए थे। इसमें अंबाला शहर में दो हजार लीटर प्रति मिनट और नारायणगढ़ और अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में एक हजार लीटर प्रति मिनट के प्लांट लगाए हैं। इसके अतिरिक्त अंबाला सिटी में एक अतिरिक्त प्लांट भी लगाया गया है। सिटी और छावनी के ऑक्सीजन प्लांट सुचारू हैं।
सितंबर तक होगा अस्पताल शुरू
नारायणगढ़ अस्पताल में मरीजों के लिए 100 बेड की व्यवस्था पर निर्माण कार्य चल रहा है। सितंबर तक इनका कार्य भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की आवश्यकता पड़ेगी। इससे गंभीर मरीजों को आपातकालीन के समय उपचार दिया जा सके।
रिपेयरिंग का होगा केंद्रीयकरण
निदेशालय स्तर पर ऑक्सीजन प्लांट को लेकर रिपेयरिंग का केंद्रीयकरण करने की तैयारी हो रही है। जिसके बाद ऑक्सीजन प्लांट के सुधार के लिए एक ही एजेंसी कार्य करेगी। इससे समय भी बचेगा और जिला स्तर पर बजट की भी परेशानी नहीं होगी।
वर्जन
हमारी ओर से ऑक्सीजन प्लांट के सुधार के लिए तीन लाख रुपये का बजट मांगा गया है। मगर इस पर अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। बजट मिलने के बाद ही रिपेयर का कार्य शुरू किया जाएगा।
-डॉ. सुखप्रीत सिंह, जिला नोडल अधिकारी ऑक्सीजन प्लांट अंबाला।