अंबाला। जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
यह जानकारी अंबाला के उपायुक्त डाॅ शालीन ने दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर समाधान शिविर के तहत अभी तक 1267 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 1022 शिकायतों का निपटान कर दिया गया है, तीन शिकायतें रिजेक्ट हुई हैं तथा 242 शिकायतों पर कार्यवाही की जा रही है। इन शिकायतों का निपटान भी जल्द ही कर दिया जाएगा। उपायुक्त मंगलवार को जिला स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे।
गांव कौलां से पंहुची रसीली देवी ने बताया कि उसने गुलाबी राशन कार्ड के लिए अपनी समस्या रखी थी, उसकी समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया है। इसी प्रकार जोगीवाड़ा से आई सुनीता देवी ने अपने दिव्यांग बेटे के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की समस्या रखी। उसकी शिकायत का भी मौके पर निपटान हो गया। मोटर मार्किट से आए मोहन लाल ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर लोगों के लिए बेहद ही लाभदायक सिद्ध हो रहे हैं, इसका प्रमाण वह स्वयं है। वह शिविर में अपनी अविवाहित पेंशन लगवाने आया था। प्रार्थना पत्र देते हुए उसकी समस्या का निवारण हो गया है और उसकी अविवाहित पेंशन लग गई।