अंबाला। जन्म से मृत्यु तक के सभी काम आधार के बिना अधूरे हैं। मगर अब अंबाला में अचानक से कई आधार कार्ड बनाने वाले ऑपरेटरों की आईडी बंद की गई हैं। जिससे लोग आधार केंद्रों पर परेशान हो रहे हैं। हैरानी की बात है कि ऑपरेटरों को पता भी नहीं है कि उनकी आईडी क्यों बंद की गई है।
आधार आईडी बंद होने से लोग आधार कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। लोग सुबह से ही आधार कार्ड बनवाने के लिए इंतजार करते दिख रहे हैं। इस दौरान महिलाएं 21 दिन के बच्चे से लेकर आठ महीने के बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के लिए आईं, मगर उन्हें मायूस होना पड़ा।
इन केंद्रों पर आईडी हुई हैं बंद
अंबाला छावनी में नागरिक अस्पताल, एसडीएम कार्यालय, अंबाला शहर में एसडीएम कार्यालय, नागरिक अस्पताल, नगर निगम कार्यालय और बराड़ा में एसडीएम कार्यालय, नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल में यूआईडीएआई द्वारा ऑपरेटरों की आधार आईडी बंद की गई हैं। जिसके कारण सोमवार को इन सेंटरों पर महिलाओं को नवजात बच्चों के नए आधार कार्ड, आधार कार्ड अपडेट, अंगुली के निशान अपडेट, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट, आधार में फोटो अपडेट संबंधी काम प्रभावित रहे हैं।
फोटो: 31
डेढ़ घंटे तक इंतजार करती रही सास बहू
केसरी निवासी सुनीता ने बताया कि वह आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए आई थी लेकिन डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद पता चला कि आइडी नहीं चल रही है।
फोटो: 32
कड़कड़ाती ठंड में नवजात को लेकर पहुंची मां
महेश नगर निवासी प्रियंका ने बताया कि इस कड़कड़ाती ठंड में अपनी मां रजनी के साथ अपने 21 दिन के बच्चे को लेकर छावनी नागरिक अस्पताल स्थित आधार सेंटर पर उसका आधार बनवाने के लिए आई थी। अब एक घंटे बाद पता चल रहा है कि आधार की आईडी बंद है। बड़ी मुश्किल से वह अपने बच्चे को इस ठंड से बचाते हुए लेकर आई थी।
फोटो: 34
दिहाड़ी तोड़कर पहुंचा आधार अपडेट करवाने
पूजा विहार निवासी छोटे लाल ने बताया कि उसने अपने आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाना था। तो वह नागरिक अस्पताल में आधार सेंटर पर आया लेकिन यहां पर इंतजार करवाने के बाद बोल रहे हैं कि आधार अपडेट नहीं होगा। वह पहले ही अपनी दिहाड़ी छोड़कर आई है।
वर्जन
आधार सेंटर में ऑपरेटरों की आईडी बंद होने का मामला संज्ञान में नहीं है। इसके बारे में मंगलवार को बताया जा सकता है।
ब्रह्मजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त
अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में आधार सेंटर पर परेशान होते लोग। संवाद
अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में आधार सेंटर पर परेशान होते लोग। संवाद