अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग ने अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में पेट संबंधी बीमारियों की ओपीडी को शुरू किया है। इस ओपीडी का शुभारंभ पूर्व मंत्री असीम गोयल के भाई रितेश गोयल ने किया था। अब इस शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग पर प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए एक सामान्य जनप्रतिनिधि से शुभारंभ करा दिया। जबकि सांसद व विधायक को इसको लेकर निमंत्रण ही नहीं दिया गया। इस मामले को लेकर एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने वीडियो जारी पर इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि विधानसभा चुनाव हारे हुए उम्मीदवार के भाई को किस नियम के तहत शुभारंभ की जिम्मेदारी के लिए चुना गया। जबकि पूर्व मंत्री के भाई के पास कोई संवैधानिक पद तक नहीं है।
वहीं इस मामले पर कांग्रेस से शहर विधायक निर्मल सिंह का कहना है कि अंबाला में बार-बार प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्हें इस कार्यक्रम की सूचना ही नहीं दी गई। वहीं इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग ने चुप्पी साध ली है। पीएमओ डॉ रेनू बेरी से फोन पर संपर्क किया गया तो संपर्क नहीं हो सका। वहीं उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ पवनीश ने बताया कि मैं अस्पताल में कर्मचारी हूं मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
अस्पताल का किया था निरीक्षण
पूर्व मंत्री असीम गोयल के भाई रितेश गोयल ने शुभारंभ सत्र के दौरान नागरिक अस्पताल का निरीक्षण भी किया था। इस दौरान मरीजों और चिकित्सकों से बात भी की गई थी। अब सवाल उठ रहा है कि किस अथॉरिटी के तहत यह निरीक्षण कराया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी साथ दिखाई दिए थे।
-
सिटी विधायक प्रोटोकॉल पर उठा चुके हैं सवाल
सिटी विधायक निर्मल सिंह ने पहले भी प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों के शिलापट्ट पर पूर्व मंत्री का नाम लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा था कि पीएम और सीएम तक प्रोटोकॉल निभाते हैं मगर स्थानीय स्तर पर लगातार प्रोटोकॉल तोड़ा जा रहा हैं।