अंबाला। बलदेव नगर के दी अंबाला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा में चोरी का मामला सुलझने की जगह उलझता नजर आ रहा है। वारदात के चार दिन बाद भी पुलिस की शामिल तफ्तीश में अभी तक सात पीड़ित ही शामिल हुए हैं। अभी तक यहीं स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि लॉकरों में कितने की नकदी व जेवरात चोरी हुआ है।
सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बैंक में जिन उपभोक्ताओं के सालों पुराने लॉकर है, उनमें से कोई विदेश में है तो कोई दूसरे शहरों में काम कर रहा है। पहले दो दिन तक बैंक कर्मी अपने स्तर पर उन्हें फोन कर लॉकर जांचने के लिए बुला रहे थे और आसपास वाले तो आ रहे थे। जो बाहर थे तो अपनी तरफ से पहले तो किसी ओर को भेजकर लॉकर जांच करवाने के लिए बोल रहे थे। अब पुलिस के पास जांच आने पर वो यह काम कर रहे हैं। बता दें कि बैंक के पीड़ित लॉकर उपभोक्ताओं में एक व्यक्ति ऑस्ट्रेलिया में है। कुछ कोई पंजाब तो कोई दिल्ली रहने की बात कह रहा है।
अभी तक 110 उपभोक्ता अपने लॉकर की कर चुके जांच
चोरी के बाद बैंक स्टाफ भी लगातार सुरक्षित लॉकर उपभोक्ताओं को भी फोन कर अपने लॉकर जांचने के लिए बोल रहा है। वीरवार तक कुल 110 उपभोक्ता अपने लॉकर की जांच कर चुके हैं। ऐसे में इन उपभोक्ताओं की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं की जा रही है।
बैंक चोरी मामले में पुलिस की टीमें तह तक पहुंच रही है। पीड़ित लॉकर उपभोक्ताओं को बुलाने के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा है। अभी तक 7 शामिल तफ्तीश हो चुकी है। बाकी को भी जल्द कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर संदीप, थाना प्रभारी बलदेव नगर
को-ऑपरेटिव बैंक मामले में अभी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी अंबाला