कोरोना की रफ्तार जिले में अब थमती नजर नहीं आ रही है। शनिवार को कोरोना ने एक बार फिर न केवल इस साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ बल्कि दिसंबर के भी सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। शनिवार को एक दिन में 108 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इतना ही नहीं एक बार फिर जिले में कोरोना ने बुजुर्ग महिला की जान ले ली। 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने कोरोना के चलते दम तोड़ दिया। महिला को शुगर और उच्च रक्तचाप समस्या भी थी। अब जिले में कुल 153 मरीजों की जान कोरोना ले चुका है। लगातार बढ़ रहे संक्रमित मरीजों के आंकड़ों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। सिविल सर्जन डॉक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि नए 108 संक्रमित मरीज मिलने के बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 12 हजार 865 हो गई है। केवल 17 ही मरीज ऐसे हैं जो ठीक हुए हैं। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 12 हजार 166 हो गई।
546 एक्टिव मरीज, अब चिंता दोगुनी
कोरोना केस बढ़ने के साथ एक्टिव केस की संख्या में धड़ाधड़ बढ़ने लगी है। जिले में इस समय 546 एक्टिव केस हो गए हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी दोगुनी हो गई है। एक तरफ बढ़ते केस को रोकना दूसरी तरफ एक्टिव मरीजों को संभालना। फरवरी माह में केवल दो की संख्या में ही एक्टिव केस रह गए थे। जो संक्रमित मिले हैं, उनमें 32 अंबाला सिटी से, 18 अंबाला कैंट से, 8 शहजादपुर से, 7 मुलाना से, 13 बराड़ा से 2 नारायणगढ़ से और 28 चौड़मस्तपुर से हैं।