अंबाला सिटी। सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) गंभीर हो गया है। विभाग ने अतिक्रमण हटाने के लिए सेक्टर-7 में नोटिस चस्पा कर दिए हैं। यह अतिक्रमण सेक्टर-1,7, 8 और एनएमटी (न्यू मॉडल टाउनशिप) में हटाया जाना है।
विभाग की ओर से 9 दिसंबर को इन मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यह सेक्टर एचएसवीपी के अंतर्गत आते हैं। विभाग ने बीते दिनों सेक्टर-9 और 21 की मार्केट में कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाया था। अब यहां भी अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई होगी। वहीं, विभाग के नोटिस चस्पा करते हुए दुकानदार में हलचल मच गई है। कई दुकानदार खुद ही अतिक्रमण हटाने को लेकर अलर्ट हो गए हैं।
दीवार, शेड और फर्नीचर से अतिक्रमण
दरअसल, सेक्टरों और एनएमटी नई मॉडल टाउनशिप अनाज मंडी के एरिया में कई लोग ने मार्केट और पब्लिक कॉरिडोर में भी अतिक्रमण कर रखा है। कई लोगों ने विभाग की जगह पर दीवार बना दी है, जबकि किसी ने शेड बना दिया है। यही नहीं मेज-कुर्सी लगाकर भी अतिक्रमण किया गया है। यह विभाग की पहले की गई कार्रवाई में भी देखने को सामने आया था। अब विभाग ने इन मार्केट में अतिक्रमण हटाने के लिए भी नोटिस चस्पा किए हैं।
सेक्टर-7 में भी बनी बड़ी मार्केट
शहर के सेक्टर-7 में फूड प्वाइंट की बड़ी मार्केट है। इस सेक्टर में भी विभाग ने नोटिस चस्पा किए हैं। नोटिस लगने के साथ दुकानदार सतर्क हो गए हैं, क्योंकि सेक्टर-9 और 21 में विभाग ने सामान भी जब्त किया था और पीला पंजा चलाकर अवैध होर्डिंग को भी हटाया गया था। सेक्टर-7 और नई अनाज मंडी के एरिया में कई जगहों पर अतिक्रमण किया गया है।
शाम को निकलने में भी दिक्कत
रेजिडेंट्स सोशल कल्चरल वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-7 के प्रधान अधिवक्ता संदीप सचदेवा ने बताया कि विभाग ने सेक्टर-7 मार्केट में बोर्ड भी लगाए हुए हैं ताकि दुकानदार अतिक्रमण न करें लेकिन उसके बाद भी अतिक्रमण किया गया है। शाम 3 बजे से रात 11 बजे तक ज्यादा दिक्कत रहती है। यहां से वाहन निकालने में भी परेशानी आती है।
वर्जन
सेक्टर-7 मार्केट में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस चस्पा किए गए हैं। उच्च अधिकारियों को पुलिस दल देने के लिए पत्र लिखा है। पुलिस दल मिलते ही सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
गुरनाम सिंह, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।