अंबाला। मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़े गए अमृतसर निवासी राहुल उर्फ दाना को रेलवे मजिस्ट्रेट ने गैरहाजिर रहने पर भगोड़ा करार दिया है। वह जमानत मिलने के बाद से गायब था। जीआरपी ने रेलवे मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है, वहीं आरोपी की धरपकड़ के लिए जीआरपी ने टीम का गठन कर दिया है ताकि आरोपी को पकड़कर रेलवे कोर्ट में पेश किया जा सके।
यह था मामला : मामला 30 दिसंबर 2022 का है। अमृतसर से जयनगर जाने के लिए ट्रेन नंबर 14674 जब अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तीन पर रुकी तो आरपीएफ व जीआरपी की टीम जांच करते हुए एक से दूसरे डिब्बे में पहुंची तो उसी समय दो युवक पुलिस कर्मचारियों को देखकर घबरा गए और मौके से भागने लगे। दोनों युवकों को पीछा करने के बाद मौके से पकड़ा गया। दोनों की पहचान अमृतसर निवासी राहुल उर्फ दाना और हरबीर सिंह उर्फ हीरा के तौर पर हुई। जब दोनों की तलाशी ली गई तो उनकी जेब से एक-एक मोबाइल फोन बरामद हुआ जो कि उन्होंने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की जेब से चोरी किया था।