अंबाला। गांधी मार्केट में एक साथ 10 दुकानों को निशाना बनाकर एयर कंडीशनर के कीमती कॉपर पाइप चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई है। लगातार बढ़ती चोरियों और पुलिस के हाथ खाली होने के चलते स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में गहरा रोष पनप रहा है। हालांकि, अब इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सीआईए-2 की स्पेशल टीमों को भी जांच में लगाया गया है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
तीन महीने में दूसरी बार चोरों का कहर
गांधी मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था के दावों को दरकिनार करते हुए चोरों ने तीन माह के भीतर दूसरी बार चोरी की थी। दुकानों के बाहर और छतों पर लगे एसी यूनिट्स से हजारों रुपये की कीमत के कॉपर पाइप काटकर ले गए थे। एक साथ इतनी दुकानों में चोरी होने से पूरी मार्केट के व्यापारी सहमे हुए हैं। दुकानदारों को न केवल नया सामान खरीदने का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है, इतना ही नहीं, पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण बाजार में रात के समय फिर से चोरी होने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। कैंट थाना प्रभारी धर्मवीर का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।