राजीव गांधी खेल स्टेडियम सेक्टर-10 अंबाला शहर में महिला एंव बाल विकास विभाग द्वारा जिला स्तर पर महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे सभी परियोजनाओं से खंड स्तर पर आए प्रथम प्रतिभागियों को बुलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीषा गागट ने की। मनीषा गागट ने बताया कि खेल जहां हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है वहीं खेलों से आपसी भाईचारा भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य यही है कि महिलाएं अपने चुल्हे चौके से बाहर निकलकर खेलकूद प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा ले सकें। इससे जहां उन्हें घर से बाहर की गतिविधियों के बारे में पता चलेगा व उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। प्रतिभागियों में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर महिला खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आए प्रतिभागी को 4100 रुपये की राशि, द्वितीय स्थान पर आए प्रतिभागी को 3100 रुपये की राशि व तृतीय स्थान पर आए प्रतिभागी को 2100 रुपये की राशि प्रतिभागियों के बैंक अकाउंट में डाली जाएगी। इस अवसर पर महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी व अन्य स्टॉफगण मौजूद रहें।
इस जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर रेस में गीता गांव अंबली प्रथम, जवंत्री गांव टुंडली द्वितीय व रेखा गांव जाट्टा मटेड़ी तीसरे स्थान पर रहीं।
300 मीटर रेस में मेहर खंड अंबाला ग्रामीण-1 ने प्रथम स्थान, काजल खंड अंबाला ग्रामीण-2 द्वितीय व देविका खंड बराड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
400 मीटर रेस में निशा गांव मोहड़ा प्रथम, काजल गांव टुण्डली ने द्वितीय, गीतांजली गांव बब्याल तृतीय स्थान स्थान पर रहीं। साइकिल रेस में सुमन खण्ड साहा प्रथम, कोमल खंड शहजादपुर द्वितीय, व खुशी गांव माजरी तृतीय रहीं। मटका रेस में परमजीत खंड शहजादपुर प्रथम, रीना गांव दुराना द्वितीय व कृष्णा देवी खंड अंबाला तृतीय रहीं। आलू रेस में रीटा खंड साहा प्रथम, नीरू पतरेड़ी द्वितीय व रीना गांव दुराना तृतीय स्थान पर रहीं।