पत्नी ने शिकायत में कहा- छाती और पेट में मारे थे मुक्के, हत्या का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। उगाला गांव में घर की दीवार बनाने के विवाद में पड़ोसी द्वारा व्यक्ति की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक हेमराज की पत्नी की शिकायत पर आरोपी सुरेंद्र धीमान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि दीवार को लेकर पहले तो पड़ोसी ने बहस शुरू कर दी। गली-गलौज करने से रोका तो हेमराज पर हमला करते हुए छाती व पेट में मुक्के मारे। हेमराज बेहोश होकर गिर गया। जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वीना रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति हेमराज एमएमडीयू मुलाना में नौकरी करता था। वीरवार को वो और उसका पति गांव फतेहगढ़ तुम्बी में शादी में शामिल होकर लौटते समय उगाला में बन रहे नए मकान में गए। शाम करीब सात बजे दंपती अपने घर में लगी टाइलें देख रहे थे कि उसी समय उनके घर के साथ रहने वाला सुरेन्द्र धीमान आया। सुरेन्द्र धीमान ने दीवार अलग से बनाने की बात बोलते हुए गाली देना शुरु कर दिया। इतने में वह घर के भीतर आ गया और कहने लगा कि आपको काम करने से रोक रहा हूं और आप आगे-आगे काम लगा रहे हो। गली देने से मना करने पर सुरेन्द्र ने हेमराज के साथ हाथापाई करनी शुरु कर दी और कहने लगा की मैं तुम्हें यहां मकान नही बनाने दूंगा। इसी दौरान सुरेन्द्र धीमान ने हेमराज की छाती व पेट में मुक्के मारे और जोर से धक्का दे दिया। जिससे हेमराज नीचे गिर गया और बेहोश हो गया।