संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। नगर निगम की ओर से सेवा पखवाड़े के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को भी नगर निगम ने टीबी अस्पताल रोड, पुराना सिविल अस्पताल रोड और माता अंबिका देवी मंदिर रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान कुछ लोगों को सामान भी जब्त किया गया।
टीम ने सड़कों पर लगाए गए स्टील के काउंटर भी जब्त किए और अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को भी हटवाया। जगाधरी गेट रोड पर मोबाइल की दुकानों के बाहर लगाए गए बोर्ड को भी हटाया गया। टीबी अस्पताल रोड की साइड में कपड़े की अवैध दुकान को भी निगम ने हटवाया। यहां कार्रवाई के दौरान युवक आते हुए नगर निगम अधिकारियों से उलझ गया। मौके पर मौजूद पुलिस व होमगार्ड जवानों ने युवक को पकड़कर काबू कर लिया। नगर निगम के अतिरिक्त निगम आयुक्त दीपक सूरा ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि अपने काउंटर दुकानों के अंदर ही रखें, वहीं, सुबह से दोपहर तक नगर निगम की कार्रवाई चलती रही। निगम की ओर से शहर में लगे पोस्टर व बैनर को भी हटाया गया।
नवंबर तक चलाया जाएगा सेवा पखवाड़ा : नगर निगम की ओर से शहर को सुंदर बनाने के लिए सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस दौरान सफाई अभियान चलाने के साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले नाहन हाउस क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई थी। निगम एएमसी दीपक सूरा ने कहा कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और शहर के अलग-अलग बाजार से रोजाना अतिक्रमण हटाया जाएगा ताकि शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सके।
शहर में नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाते हुए। निगम- फोटो : स्वयं
शहर में नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाते हुए। निगम- फोटो : स्वयं
शहर में नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाते हुए। निगम- फोटो : स्वयं