अंबाला सिटी। नगर निगम ने शुक्रवार को शहर भर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम टीम ने मानव चौक, पुराना दिल्ली रोड व अन्य कई जगहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई जगह लोगों ने इसका विरोध भी किया, परंतु पूरे दल-बल के साथ पहुंची निगम टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील दत्त की टीम ने लोगों को आगे से अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगली बार से उन्हें उन क्षेत्रों में अतिक्रमण दिखाई दिया तो उनकी ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नगर निगम के पास पिछले काफी समय से मानक चौक की मुख्य सड़क सहित दिल्ली रोड पर अतिक्रमण होने की शिकायतें मिल रही थी। इस कारण आमजन को भी जाम की स्थिति से जूझना पड़ रहा था। इसी समस्या से निजात दिलवाने के लिए नगर निगम टीम की ओर से शुक्रवार को यह कार्रवाई अमल में लाई गई।