अंबाला सिटी। नगर निगम मेयर सैलजा सचदेवा ने मंगलवार को निगम आयुक्त वीरेंद्र लाठर के साथ मुलाकात की। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में शहर की सफाई, बरसाती पानी की निकासी और आगामी हाउस बैठक को लेकर चर्चा की गई। साथ ही हरियाणा कौशल के 91 कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा की गारंटी देने पर भी विचार विमर्श हुआ। इसके अलावा बैठक उपरांत शहर के कई लोगों ने मेयर को अपने क्षेत्र की समस्या बारे भी अवगत करवाया।
हाउस बैठक को लेकर हुआ विचार विमर्श
अप्रैल में नगर निगम की बजट व हाउस बैठक हुई थी। इसके बाद मई माह में बैठक होनी थी, लेकिन यह नहीं हो सकी। अब जून माह के दूसरे सप्ताह में 10 या 12 जून को निगम की हाउस बैठक हो सकती है। इसको लेकर मेयर सैलजा सचदेवा ने आयुक्त वीरेंद्र लाठर से विचार विमर्श किया। साथ ही शहर में सफाई में सुधार करवाने पर भी बातचीत हुई।
मेयर सैलजा सचदेवा ने बताया कि शहर से जुड़े कई अहम विषयों पर निगम आयुक्त वीरेंद्र लाठर से सकारात्मक बातचीत हुई है। शहर में घर-घर से तो कूड़ा उठ रहा है, लेकिन डंपिंग प्वाइंट पर गंदगी रहती है। इसको लेकर निगम अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने को लेकर भी विचार विमर्श किया गया है। साथ ही हरियाणा कौशल के 91 कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा की गारंटी देने के लिए फाइल चली हुई है। इस फाइल पर भी जल्द ही मोहर लगवाने का कार्य किया जाएगा। यह मुद्दा हाउस की बैठक में पहले पास हो चुका है। निगम की बैठक भी 10 या 12 जून को हो सकती है।