दौरे के दौरान निरीक्षण करते हुए एडीसी सचिन गुप्ता।
- फोटो : Ambala
एडीसी सचिन गुप्ता ने शनिवार को छावनी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कछुआ चाल से हो रहे विकास कार्यों पर एडीसी गुप्ता ने नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने विजय रत्न चौक के निकट बन रही मल्टीलेवल पार्किंग की निर्माण सामग्री के सैंपल लेने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग और 12 क्रॉस रोड के नजदीक बन रहे ब्रिज ओवर नाला के कार्य में देरी पर दो एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
दरअसल छावनी क्षेत्र में कई जगहों पर विकास कार्य जारी हैं। एडीसी सचिन गुप्ता ने शनिवार को खुड्डा कलां में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, स्ट्रॉम वाटर के तहत 12 क्रॉस रोड पर क्रॉस रोड नंबर 4 के नजदीक, निकलसन रोड पर बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य, मल्टीलेवल पार्किंग, ब्रिज ओवर नाला के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों को मौके पर जाकर जांचा। उन्होंने सभी विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय अवधि के तहत पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर चीफ इंजीनियर महिपाल सिंह, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, एमई हरीश व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जहां पाइपलाइन डल चुकी, वहां टाइलें लगाए एजेंसी
अतिरिक्त उपायुक्त ने सदर क्षेत्र में चल रहे स्ट्रॉम वाटर लाइन के कार्य के तहत 12 क्रॉस रोड पर क्रॉस रोड नंबर 4 के नजदीक जाकर निर्माण कार्य की वास्तविकता जांची। उन्होंने एजेंसी प्रतिनिधि को स्पष्ट किया कि जहां पर पाइपलाइन डल चुकी हैं, वहां टाइलें लगाना सुनिश्चित करें।