नारायणगढ़। एक मां अपनी दो साल की बच्ची को जूते की दुकान पर छोड़कर चली गई। घटना बुधवार दोपहर की है, जब दमकल विभाग के पास स्थित एक जूते के शोरूम में यह बच्ची रोती हुई मिली। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि जूतों की दुकान पर एक महिला आई, कुछ देर बाद वह बच्ची को वहीं छोड़कर चुपचाप निकल गई। काफी देर तक जब कोई बच्ची को लेने नहीं आया तो दुकानदार को शक हुआ।
शोरूम संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को संरक्षण में लेकर जांच शुरू कर दी है। वात्सल्य गृह में भेजी गई बच्ची : पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सूचित किया। सीडब्ल्यूसी की टीम ने बच्ची का नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया।
मेडिकल के बाद बच्ची को सुरक्षित रूप से नारायणगढ़ स्थित वात्सल्य शिशु गृह में ठहराया गया है। बच्ची फिलहाल स्वस्थ है। संवाद