संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पानी के अवैध कनेक्शन के जरिए राजस्व का नुकसान करने वाले लोगों पर अब शिकंजा कसेगा। जनस्वास्थ्य विभाग ने कैंट के करीब 80 हजार अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है।
इसके लिए विभाग ने विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू किया है ताकि उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा सके और वो खुद अपने स्तर पर कार्यालय आकर अवैध कनेक्शन को वैध करवा सकें। विभाग ने उपभोक्ताओं को इसके लिए एक महीने का समय दिया है। इस अवधि के भीतर अवैध कनेक्शन रखने वाले लोग अपने कनेक्शन को वैध करवा सकते हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर औपचारिकताएं पूरी नहीं की गईं तो न केवल कनेक्शन काटे जाएंगे बल्कि जुर्माना भी होगा और जरूरत पड़ी तो पिछली रिकवरी भी की जाएगी।