अंबाला। घर के पास ही रहने वाले वाले युवक ने उसका मोबाइल नंबर कुछ अश्लील संदेशों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने जानबूझकर उसे बदनाम करने की नीयत से ऐसा किया है।
यह शिकायत युवती ने वीरवार को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आवास पर उनके समक्ष रखी। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए विज ने मौके पर मौजूद डीएसपी रमेश कुमार को केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री अपने आवास पर अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे।
वशिष्ठ नगर से आई महिला ने मंत्री विज को शिकायत देते हुए कहा कि घर की पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर उनका सौदा हुआ था, मगर इस उससे अभी तक अपने हिस्से के 16 लाख रुपए नहीं मिले हैं। मंत्री ने मामले में डीएसपी कैंट को जांच के निर्देश दिए। इसी तरह छावनी सदर क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने अपने बेटे को विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत दी। उसका आरोप था कि उसके बेटे को कुरुक्षेत्र निवासी एजेंट ने विदेश भेजने के लिए सौदा किया और इसके लिए उन्होंने 5.10 लाख रुपए की राशि एजेंट को दी। मगर एजेंट ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही राशि वापस लौटाई। इस मामले में मंत्री अनिल विज ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। संवाद