संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी गांधी ग्राउंड के नजदीक 4 एकड़ क्षेत्र में 87 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे शॉपिंग एवं बैंक स्क्वायर के निर्माण कार्य का शनिवार गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीजीपी कम हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी डॉ. आरसी मिश्रा उनके साथ रहे और मंत्री विज को संबंधित जानकारी दी।
मंत्री विज ने कहा कि बरसात से पहले निर्माण स्थल के नजदीक जो खाली जगह पड़ी है, वहां पर मिट्टी भी डलवाना सुनिश्चित करें ताकि साइटों में पानी न भर सके। डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि काम तेजी सी किया जा रहा है और नवंबर 2022 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री विज ने कहा कि यह हरियाणा की यूनिक बिल्डिंग होगी और हेलीपैड की सुविधा भी होगी। शॉपिंग कम बैंक स्क्वेयर का 3 नवम्बर 2020 को भूमि पूजन के साथ शुभारंभ किया गया था। इस कार्य को हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के द्वारा बनाया जा रहा है।
9 मंजिला बिल्डिंग में होगी 620 गाड़ियों की पार्किंग
यह बिल्डिंग लगभग 5 लाख स्क्वायर फीट एरिया में 9 मंजिला बनकर तैयार होगी। इस कार्य के तहत बेसमेंट और स्टील्ट फ्लोर पर 620 गाड़ियां की पार्किंग की सुविधा होगी। पहले फ्लोर पर बैंकों के लिए 33 शोरूम बनाए जाएंगे। दूसरे फ्लोर पर 31 शोरूम कामर्शियल और रिटेल स्पेस के लिए, तीसरे फ्लोर पर 20 शोरूम रिटेल, फुड कोर्टस के साथ-साथ चौथे फ्लोर पर आडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जिसमें 300 लोगों के बैठने की सुविधा होगी। पांचवें से आठवें फ्लोर तक प्रशासकीय के कार्यालय होंगे। नवें तल पर हेलीपैड की सुविधा भी होगी।