- युवती ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर की धोखाधड़ी, खुद को नामी ब्रोकिंग कंपनी एंजल वन की एक्सपर्ट बताकर वारदात की
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर मर्चेंट नेवी के एक अधिकारी से 58 लाख 69 हजार 759 रुपये की धोखाधड़ी की गई। मोहाली निवासी विशाल मेहता ने आरोप लगाया है कि प्रेम नगर निवासी एक युवती ने खुद को नामी ब्रोकिंग कंपनी एंजल वन की एक्सपर्ट एजेंट बताकर झांसे में लिया। युवती ने ठगी को छिपाने के लिए कंपनी के नाम पर दर्जनों फर्जी ईमेल व इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज तैयार किए। एसपी अंबाला के आदेश पर आर्थिक अपराध शाखा ने जांच कर युवती श्रेया तनेजा के खिलाफ 316(2) विश्वासघात, 318 (4) धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली।
जुलाई 2024 से चल रहा था धोखाधड़ी का खेल
विशाल मेहता ने बताया कि वह मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं। पहले वह अंबाला सिटी प्रेम नगर में रहते थे। जुलाई 2024 में उनके पड़ोस में रहने वाली श्रेया तनेजा ने उनसे संपर्क किया था। श्रेया ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट व एंजल वन की अधिकृत एजेंट बताया। झांसे में आकर अलग-अलग किश्तों में 67 लाख 19 हजार 900 रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। जब भी डीमैट अकाउंट की जानकारी या शेयर सर्टिफिकेट मांगते तो आरोपी कोई न कोई बहाना बना देती। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने कुछ मौकों पर मुनाफे के नाम पर कुछ रकम वापस ट्रांसफर की, जो वास्तव में निवेश किए गए पैसों का हिस्सा थी। फरवरी 2025 में आरोपी ने एक फर्जी ई-मेल दिखाया, जिसमें लिखा था कि 46 लाख निकालने के लिए 9 लाख और जमा करने होंगे। युवती ने डेटा लीक का बहाना बनाकर एंजल वन के नाम से बने कई और जाली ईमेल दिखाए व अगस्त 2026 तक पैसे लौटाने का झांसा दिया। बाद में पता चला कि श्रेया कोई एजेंट नहीं है। इस तरह से 58 लाख 69 हजार 759 रुपये की धोखाधड़ी हुई।