कृषि विभाग अधिकारी फील्ड में किसानों की आईडी बनाने के लिए बातचीत करते हुए।
अंबाला सिटी। कृषि विभाग की ओर से जिले में किसानों की एग्रीस्टैक आईडी बनाने का कार्य जोरों पर चल रहा है। इस आईडी को बनाने के लिए कृषि विभाग अधिकारी भी खुद फील्ड में किसानों के बीच उतरकर आईडी बनवा रहे हैं। इस आईडी को बनाने के लिए विभाग कर्मचारियों के समक्ष दिक्कत भी सामने आ रही है। यह आईडी किसानों के आधार कार्ड को सत्यापन कर बनाई जानी है, लेकिन कई किसान ऐसे हैं, जोकि विदेश चले गए हैं, उनकी आईडी नहीं बन पा रही। ऐसे ही जिन लड़कियों की शादी हो चुकी है और उनके नाम जमीन है। उनके आधार कार्ड पर पति का सरनेम जुड़ने से उनका आधार कार्ड सत्यापित नहीं हो पा रहा। इस वजह से उनकी आईडी भी नहीं बन पा रही।
इन गलतियों के कारण भी आईडी बनाने में आ रही दिक्कत : आईडी बनाने के लिए गांव-गांव तक विभाग के कर्मचारी जा रहे हैं। कई किसानों के नाम के स्पेलिंग गलत हैं। विभाग के रिकॉर्ड और किसानों के आधार कार्ड में नाम के स्पेलिंग में अंतर देखने को मिल रहा है। संवाद