कॉलेज में हुए झगड़े की पुरानी रंजिश में छह युवकों ने की वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार
- सिया वाटिका रेस्तरां की पार्किंंग में हुआ हमला, घायलों में समारोह के दो इवेंट प्लानर भाई शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित कैंट के सिया वाटिका पैलेस में रविवार रात 12 बजे शादी की रिसेप्शन पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। कॉलेज में हुए झगड़े की पुरानी रंजिश में छह युवकों ने पैलेस की पार्किंग में चार युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें अंबाला सिटी के दुर्गा नगर निवासी सोनू (22) की मौत हो गई।
रिसेप्शन के इवेंट प्लानर सुखराज (19) की बाजू व उनके भाई जसराज (19) की पेट व बीचबचाव करवाने आए भूपिंद्र (20) की जांघ में चाकू लगा। जसराज की बिगड़ती हालत को देखते हुए कैंट के नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया था। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। हमलावर धमकाते हुए मौके से भाग गए। इनमें तीन मुख्य आरोपियों साहिल, शिवम व सागर को पुलिस ने सोमवार को काबू कर लिया।
राजकीय पीजी कॉलेज में रखी गई थी झगड़े की नींव
घायल सुखराज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका शादी समारोह में इवेंट प्लानर का काम है। 22 फरवरी की रात को सिया वाटिका में खटीक मंडी निवासी अमन सोनकर के भाई की शादी के कार्यक्रम का जिम्मा लिया था। भाई जसराज व सोनू, भूपिंद्र सिंह उर्फ पेरी के साथ काम पर था। भाई जसराज व हमलावर साहिल दोनों राजकीय पीजी कॉलेज में बीए की पढ़ाई करते हैं। करीब छह माह पहले दोनों के बीच घूरने पर कहासुनी हुई थी। उसी रंजिश में पैलेस की पार्किंग में आकर हमला किया। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने जटवाड़ गांव निवासी साहिल, कसेरला गांव निवासी सागर, अंबाला कैंट निवासी शिवम व 2 से 3 अन्य पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई हत्या की धारा 103(1), स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 115, खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाना 118 (1), गैरकानूनी सभा 190, 191 (1), धमकी 351 (2), साजिश 61 के तहत की है।
ऑटो से स्कूल में बच्चे छोड़ता था सोनू
घायल सुखराज ने बताया कि हमलावरों ने पहले भाई जसराज, सोनू व भूपिंद्र पर थप्पड़-मुक्के मारे। आरोपी सागर ने एक के बाद एक तीनों पर चाकू से वार किया। जैसे ही वह बीचबचाव करने आया तो उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया लेकिन बचाव करने पर चाकू बाजू में लगा। हमलावरों के मौके से भागने के बाद वह घायलों को लेकर कैंट के नागरिक अस्पताल गया था, जहां से जसराज को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया था। अंबाला कैंट थाने के जांच अधिकारी चांदी राम ने बताया कि मृतक सोनू परिवार का बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई व एक छोटी बहन है, पिता मजदूरी करते हैं। सिटी के एक स्कूल में उसने अपना ऑटो बच्चों को लाने व ले जाने में लगाया था। समय लगने पर वह सुखराज के साथ इवेंट में भी दिहाड़ी लगाने चला जाता था। हत्या का पता चलते ही समारोह बंद हो गया।
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई थी। उसके आधार पर तीन युवकों को काबू कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि हत्या में इस्तेमाल चाकू व अन्य युवकों की जानकारी मिल सके। चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर हुए जसराज की तबीयत में सुधार है।
- इंस्पेक्टर लखबीर सिंह, थाना प्रभारी अंबाला कैंट
बराड़ा में डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में सार्वजनिक शौैचालय बनाने का विरोध करते स्थानीय लोग। संवाद
बराड़ा में डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में सार्वजनिक शौैचालय बनाने का विरोध करते स्थानीय लोग। संवाद
बराड़ा में डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में सार्वजनिक शौैचालय बनाने का विरोध करते स्थानीय लोग। संवाद