विद्यार्थी बोले- कई बार नहीं रुकती अंबाला जाने वाली बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। नहौनी गांव में स्कूल व कॉलेज के छात्रों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। छात्रों का आरोप है कि सुबह अंबाला जाने वाली सरकारी बसें कई बार गांव में नहीं रुकतीं, अगर रुकती हैं तो केवल एक दरवाजा खुलता है, इसके चलते उन्हें मजबूरी में बस के दरवाजों पर लटककर यात्रा करनी पड़ती है।
छात्रों के अनुसार, सोमवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। एक बस तो रुकी ही नहीं और दूसरी बस ने एक ही दरवाजा खोला। इसमें लड़कियां व लड़के भी लटककर गए। इसका एक छात्र ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। अंबाला डिपो महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में रोडवेज चालकों को निर्देश दिए जाएंगे ताकि छात्रों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
चालक करते हैं मनमानी
छात्र राहुल, विशाल, हरप्रीत, हरमन और साहिल ने बताया कि नहौनी से सुबह साढ़े 8 बजे और पौने 9 बजे के बीच दो सरकारी बसें अंबाला के लिए जाती हैं। इसके बाद साढ़े 9 बजे प्राइवेट बस की सेवा है। उनका कहना है कि सरकारी बस चालक मनमानी करते हुए कई बार बस नहीं रोकते, अगर बस रोक भी दी जाए तो एक दरवाजा नहीं खोला जाता, इससे बस में चढ़ने में भारी परेशानी होती है।
हादसे का डर
छात्रों का कहना है कि समय पर कॉलेज और स्कूल पहुंचने की मजबूरी के कारण उन्हें चलती बस में चढ़ना पड़ता है या फिर दरवाजे पर लटक कर सफर करना पड़ता है, जो कभी हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी ऐसा ही हुआ। इसके चलते करीब 30 छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने भी परिवहन विभाग से मांग की है कि नहौनी में नियमित रूप से बस रुकवाने और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का समाधान हो सके।