बसपा नेता व अधिवक्ता हरबिलास हत्याकांड मामले में तीन माह बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे गुस्साए परिजनों ने सोमवार नारायणगढ़ के हुसैनी गांव में महापंचायत बुलाई। इसमें परिजनों के अलावा भारी संख्या में किसान व स्थानीय दुकानदार शामिल हैं जो पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि इस महापंचायत में कुछ ही देर में मंत्रणा के बाद कोई बढ़ा निर्णय लिया जा सकता है। महापंचायत में भारी पुलिस बल भी तैनात है।
13 गिरफ्तार व एक शूटर का हो चुका एनकाउंटर, चार अभी भी फरार
बता दें कि नारायणगढ़ पुलिस इस मामले में अभी तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है और शूटर सागर एसटीएफ के एनकाउंटर में ढेर हो गया था। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड वेंकेट गर्ग 24 जनवरी को हुए हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस को वेकेंट गर्ग के विदेश में बैठे होने की सूचना है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर भी जारी किया जा चुका है। इस मामले में अभी तक कुल चार आरोपी फरार है।
95 मरले जमीन का था विवाद
बसपा नेता व वकील हरबिलास रज्जूमाजरा जमीन की खरीद फरोख्त का काम करता था। 24 जनवरी को नारायणगढ़ के आहलुवालिया पार्क के पास कार सवार बसपा नेता हरबिलास की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब 95 मरले जमीन की रजिस्ट्री के 1.75 करोड़ रुपये के लेनदेन मामले में हरबिलास को बदमाशों ने गोलियां मार दी थी। कार सवार पुनीत डांग उर्फ चुन्नू को गोली लगी थी व एक अन्य घायल हो गया था।