संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शहर के कमल विहार घेल रोड पर श्रीराम नवमी के अवसर पर सत्संग भजन कीर्तन और भंडारा कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर श्री कबीर जन कल्याण सेवाश्रम नगर खेड़ा मोती नगर के आचार्य सनातन चैतन्य पहुंचे। सत्संग का आयोजन मां लखेश्वरी धाम, श्रीराम आदर्श परिवार चेरिटेबल संस्थान मोहना ग्वालियर की शाखा अंबाला शहर साध्वी हेमलता मुद्गल की प्रेरणा से किया।
कार्यक्रम आयोजक प्रधान सुशील गर्ग, अनिल शर्मा, वासुदेव शर्मा, उषा शर्मा ने मंच पर आसीन आचार्य चैतन्य महाराज का स्वागत किया। पंडित चमन लाल महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण करते हुए समष्टि यज्ञ हवन संपन्न करवाया। आचार्य सनातन चैतन्य महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म में भगवान के अनेकों अवतार हुए हैं, उनमें भगवान के पूर्णावतार त्रेतायुग के रघुवंशी श्री रामावतार और द्वापर युग के यदुवंशी श्री कृष्णावतार प्रमुख है। भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं तो श्रीकृष्ण लीला पुरुषोत्तम हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से सुखविंद्र सिंह, पार्षद जसबीर सिंह मौजूद रहे। अंत में भगवान श्रीराम की आरती और प्रसाद वितरण हुआ।