अंबाला छावनी बस अड्डे के बार डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइटें। फाइल फोटो
अंबाला। अंधेरे वाले क्षेत्रों में भी अब उजाला फैलेगा। नगर परिषद ने इन क्षेत्रों में 1300 नई लाइट लगाने का फैसला किया है। इसकी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। नगर परिषद ने लाइटों को लगाने की निविदा जारी कर दी है, जिससे कि जल्द से जल्द काम पूरा किया जाए और लोगों को राहत मिले।
अंबाला छावनी के 32 वार्ड के वासियों को इन लाइटों के लगने का फायदा होगा। नगर परिषद में प्राप्त शिकायतों के आधार पर लाइटें लगाने की प्रक्रिया आरंभ होगी। इसमें उन वार्ड के लोगों को प्राथमिकता मिलेगी, जहां स्ट्रीट लाइटों की काफी कमी है। इसका सर्वे भी नगर परिषद ने पहले ही पूरा कर लिया था कि संबंधित क्षेत्र में कितनी स्ट्रीट लाइटों की जरूरत है।
पहले लगी थी 13 हजार लाइटें
नगर परिषद में 12 हजार के करीब पुरानी लाइटें लगी हैं। जबकि एक वर्ष पहले 13 हजार के करीब नई स्ट्रीट लाइटों को लगाया था। पुरानी लाइटों के रखरखाव का जिम्मा नगर परिषद के अधीन है, जबकि नई की रिपेयर प्राइवेट कंपनी के सुपुर्द, जिन्होंने इन लाइटों को लगाया था। नई लगने वाली 1300 स्ट्रीट लाइटों पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन स्ट्रीट लाइटों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाने और उनके रख-रखाव की जिम्मेदारी भी नई कंपनी के अधीन होगी।
जेई करेंगे निगरानी
नई स्ट्रीट लाइटों को लगाने में किसी प्रकार की कोई गलती न हो। इसके लिए नगर परिषद की तरफ कनिष्ठ अभियंता (जेई) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेई शिकायत वाले स्थान पर स्ट्रीट लगवाने के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी देगा और शिकायत पर हस्ताक्षर भी करवाए जाएंगे कि उनके क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की सुविधा मिल गई है।
वर्जन
अंबाला छावनी के अलग-अलग वार्डों में 1300 के करीब स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसकी निविदा जारी की गई है। यह लाइटें सरकार द्वारा निर्धारित कंपनी से खरीदी गई हैं। अब इन्हें ठेकेदार लगाएगा और इनका रखरखाव भी करेगा।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।