अंबाला सिटी। मार्च महीने के 12 दिन निकल गए हैं। अभी से मौसम में गर्मी बढ़ने लगी है। धीरे-धीरे दिन व रात के तापमान भी बढ़ रहे हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को दिन में गर्मी रही। जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। होली से पहले ही मौसम गर्म होने लगा है। वहीं, मौसम विभाग ने 13 से 16 मार्च तक बारिश की संभावना जताई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 16 मार्च तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 12 और 13 मार्च के दौरान बीच-बीच में हवा में बदलाव आने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई छाए रहने के आसार हैं, परंतु एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता 13 मार्च से राज्य में बढ़ने की संभावना बन रही है। इससे 13 मार्च रात्रि से 15 मार्च के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलवाई व हवा चल सकती है और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश संभावित है।
इसके साथ ही 16 मार्च को राज्य के उत्तरी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।